जमशेदपुर, 13 अक्टूबर (भाषा) झारखंड की घाटशिला विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार को राजपत्र अधिसूचना जारी होने के साथ प्रारंभ हो गई। एक निर्वाचन अधिकारी ने यह जानकारी दी।
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया 21 अक्टूबर तक जारी रहेगी।
पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त सह जिला निर्वाचन अधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘ घाटशिला उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार को शुरू हो गई। नामांकन पत्र पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक स्वीकार किए जाएंगे।’’
उन्होंने बताया कि उपचुनाव के लिए मतदान 11 नवंबर को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 24 अक्टूबर है।
झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन (62) का 15 अगस्त को नयी दिल्ली के एक निजी अस्पताल में निधन हो जाने के कारण घाटशिला सीट रिक्त हुई है।
घाटशिला निर्वाचन क्षेत्र में 2.55 लाख मतदाता हैं, जिनमें 1.30 लाख महिला मतदाता हैं।
रांची में एक अन्य अधिकारी ने बताया कि उपचुनाव के लिए 218 स्थानों पर कुल 300 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती के साथ ही स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सभी तैयारियां की जाएंगी।
सत्तारूढ़ दल झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उपचुनाव के लिए तैयारी कर रहे हैं और इस सप्ताह वे अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर सकते हैं।
रामदास सोरेन ने 2024 में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पुत्र, भाजपा के बाबूलाल सोरेन को हराकर तीसरी बार यह सीट जीती थी। रामदास ने पहली बार 2009 में यह सीट जीती थी। हालांकि 2014 में वह भाजपा के लक्ष्मण टुडू से यह सीट हार गए थे लेकिन 2019 में उन्होंने इस पर जीत हासिल की थी।
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.