कोलकाता, दो नवंबर (भाषा) मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष के विरोध-प्रदर्शन के जवाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में सोमवार को यहां एक मार्च निकाला गया, जिसमें मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी शामिल हुए।
भाजपा का ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च कॉलेज स्ट्रीट से शुरू होकर मध्य कोलकाता के धर्मतला की ओर बढ़ा, जिसमें पार्टी के हजारों समर्थक शामिल हुए।
रैली के दौरान नवीन, शुभेंदु अधिकारी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने अपने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज ले रखे थे, जबकि अन्य वरिष्ठ नेता भी उनके साथ थे।
भाजपा ने देश भर के कई शहरों में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए हैं। पार्टी ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाया है कि वे एसआईआर को लेकर गलत जानकारी फैला रहे हैं और अशांति पैदा कर रहे हैं।
नवीन दिन में ही कोलकाता पहुंच गए थे, जहां हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री ने उनका स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता कॉलेज स्ट्रीट पहुंचे, जहां मार्च से पहले ही पार्टी कार्यकर्ता जुटने लगे थे।
मार्च से पहले सभा को संबोधित करते हुए, भाजपा प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा कि इसका उद्देश्य विपक्षी दलों द्वारा अराजकता फैलाने की कथित कोशिशों के खिलाफ लोकतंत्र की रक्षा करना है।
उन्होंने कहा, ‘‘लोग सच्चाई के साथ हैं और झूठ के खिलाफ हैं।’’
भाजपा विधायक अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि विदेशी ताकतें देश में लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिशों के लिए वित्तपोषण कर रही हैं।
इससे पहले दिन में, नवीन ने बिहार के भागलपुर में इसी तरह के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जिसमें उन्होंने एसआईआर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने को लेकर विपक्ष के नेताओं, जिनमें पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी शामिल हैं, पर निशाना साधा।
भाषा सुभाष माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.