मुंबई, 22 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (राकांपा-शप) ने महाराष्ट्र विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव में विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने और पार्टी अनुशासन का उल्लंघन करने के आरोप में अपने नेता नीतेश कराले को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है।
राकांपा (शप) ने बृहस्पतिवार को कहा कि ‘गुरुजी’ के नाम से लोकप्रिय कराले ने 23 अक्टूबर को होने वाले चुनाव में नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस नेता और महा विकास आघाडी (एमवीए) के आधिकारिक उम्मीदवार अभिजीत गोविंदराव वंजारी के खिलाफ नामांकन दाखिल कर पार्टी अनुशासन का उल्लंघन किया।
विपक्षी दल ने मुंबई में जारी एक बयान में कहा कि निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे कराले ने मतदाताओं के बीच यह धारणा बनाकर भ्रम भी पैदा किया कि राकांपा (शप) के अध्यक्ष शरद पवार उनकी उम्मीदवारी का समर्थन कर रहे हैं।
बयान में कहा गया है कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं के निर्देश पर पार्टी अनुशासन तथा एमवीए के फैसलों का उल्लंघन करने के लिए कराले के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
राकांपा (शप), कांग्रेस और शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (शिवसेना-उबाठा) के साथ विपक्षी गठबंधन एमवीए का घटक दल है।
महाराष्ट्र की 78 सदस्यीय विधान परिषद की पांच सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव होने हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की तीन और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की दो सीट शामिल हैं।
मतदान शुक्रवार (23 अक्टूबर) को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित है।
भाषा रवि कांत रवि कांत पारुल
पारुल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.