पौड़ी, 26 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड में पौड़ी जिले के श्रीनगर में रविवार को तेलंगाना निवासी एनआईटी के एक छात्र के अलकनंदा नदी में डूबने की आशंका है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी ।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) उत्तराखंड में बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र आनंद मोहन (21) शाम को लगभग चार बजे अपने तीन अन्य साथियों के साथ नहाने गया था और इसी दौरान यह घटना हो गयी।
श्रीनगर के नायब तहसीलदार कैलाश रवि ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि श्रीनगर में अलकनंदा नदी के तट पर बने एनआईटी मैदान के निकट एक टीले पर सभी साथी गए थे, जहां से छलांग लगाकर उनकी नदी में नहाने की योजना थी।
रवि ने मोहन के साथियों के हवाले से बताया कि टीले पर चढ़कर सबसे पहले मोहन ने नदी में छलांग लगाई, लेकिन जब वह कुछ देर तक पानी से बाहर नहीं आया तो सभी छात्र घबरा गए और उन्होंने पुलिस को फोन किया।
सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल, जल पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा तथा उसकी खोजबीन शुरू की गयी। हालांकि, देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चला।
रवि ने बताया कि तलाशी अभियान सोमवार सुबह फिर चलाया जाएगा। छात्र के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गयी है।
भाषा सं दीप्ति धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.