कुरुक्षेत्र (हरियाणा), 29 मार्च (भाषा) हरियाणा के कुरुक्षेत्र में भाखड़ा नहर में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के दो छात्र डूब गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दोनों सिविल इंजीनियरिंग के तीसरे वर्ष के छात्र थे।
आदर्श पुलिस थाने के प्रभारी (एसएचओ) देवेंद्र कुमार ने कहा कि मंगलवार शाम को एनआईटी कुरुक्षेत्र के छह छात्र पिकनिक के लिए गए थे, जहां ज्योतिसर में वे भाखड़ा नहर की नरवाना ब्रांच में नहाने चले गए।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का निवासी राहुल फिसल कर गिर गया और पानी के तेज बहाव में बह गया। वहीं, अन्य छात्र अनुभव जो राजस्थान से था, अपने दोस्त को बचाने के लिए नहर में कूद गया लेकिन वह भी पानी के तेज बहाव में बह गया।
पुलिस के अनुसार स्थानीय निवासियों की सूचना के बाद प्रशासन ने बचाव अभियान शुरू किया। गोताखोरों ने बुधवार सुबह नहर से दोनों छात्रों के शव बरामद किए।
एसएचओ ने बताया कि मृतकों के परिजनों के यहां पहुंचने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
एनआईटी के जनसंपर्क अधिकारी प्रोफेसर विकास मित्तल ने कहा कि कुछ छात्र शाम में नहर की ओर गए थे और इसी दौरान यह घटना हुई।
भाषा सुरभि नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
