देहरादून, छह अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को नौ हेल्थ एटीएम तथा 40 ट्रूनेट मशीनों का लोकार्पण किया। इनकी मदद से लोग खुद अपना हीमोग्लोबिन तथा यूरिक एसिड स्तर सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण तथा तपेदिक एवं कोविड जैसे रोगों की जांच निशुल्क कर सकेंगे।
जेके टायर लिमिटेड तथा यस बैंक द्वारा कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत राज्य सचिवालय डिस्पेंसरी और विधानसभा डिस्पेंसरी सहित प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में नौ हेल्थ एटीएम लगाए गए हैं।
इन हेल्थ एटीएम के माध्यम से आमजन स्वयं अपने विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण कर सकेंगे जिनमें हीमोग्लोबिन स्तर, टीएलसी और डीएलसी, रक्त शर्करा, रक्तचाप, यूरिक एसिड, कॉलेस्ट्रॉल, एचबीएसी, रक्त समूह, लिपिड प्रोफाइल, ट्राईगिलसाइड, लाइकोप्रोटिन, प्रेगनेंसी जांच तथा गुर्दा जांच जैसे 72 परीक्षण शामिल हैं। हेल्थ एटीएम पर जाँच की सुविधा निशुल्क रहेगी।
हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे हेल्थ एटीएम की जाँच के नतीजों के आधार पर स्वयं औषधि ना लें और रिपोर्ट असामान्य आने पर डॉक्टरी सलाह लें।
इसके अलावा, प्रदेश के सभी ब्लॉकों में इंडियन ऑयल कॉरपोरशन लिमिटेड के सौजन्य से 40 ट्रू नेट मशीनें भी लगायी गयी हैं जिनकी सहायता से तपेदिक, कोविड तथा अन्य रोगों की जांच की जा सकेगी। ये मशीनें राज्य के 40 दूरस्थ स्थानों में क्रियाशील रहेंगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में स्वास्थ्य विभाग ने आईओसीएल, यस बैंक तथा जेके टायर के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग हेतु समझौता ज्ञापनों पर भी हस्ताक्षर किये गये।
मुख्यमंत्री ने कंपनियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन सुविधाओं से ना सिर्फ लोगों के धन की बचत होगी बल्कि उनमें स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि हर साल लाखों की संख्या में आने वाले पर्यटकों को भी इन सुविधाओं से लाभ मिलेगा।
देशभर के निजी संगठनों व कंपनियों से स्वास्थ्य, शिक्षा एवं स्वच्छता के क्षेत्र में मदद की अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन क्षेत्रों में मदद देकर वे उत्तराखंड जैसे छोटे राज्य में एक मॉडल स्थापित कर सकते हैं।
भाषा दीप्ति अर्पणा
अर्पणा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.