नयी दिल्ली, तीन मई (भाषा) देशभर के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-यूजी 2026 परीक्षा आयोजित की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने परीक्षा की जमीनी तैयारियों का जायजा लेने के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) मुख्यालय का दौरा किया।
प्रधान ने इस दौरान परीक्षा की व्यवस्थाओं, परीक्षा केंद्रों के साथ समन्वय और सुचारू संचालन के लिए स्थापित निगरानी तंत्र जैसे प्रमुख पहलुओं की समीक्षा की।
अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री को बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को संभालने और परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन बनाए रखने के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि एनटीए द्वारा आयोजित इस परीक्षा में देशभर के विभिन्न केंद्रों पर कड़े प्रोटोकॉल के बीच लगभग 23 लाख पंजीकृत अभ्यर्थी शामिल हुए।
नीट-यूजी देश की सबसे बड़ी स्नातक स्तर की प्रवेश परीक्षाओं में से एक है और इसके माध्यम से एमबीबीएस, बीडीएस तथा अन्य संबद्ध चिकित्सा पाठ्यक्रमों में दाखिला दिया जाता है।
भाषा रवि कांत रवि कांत दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.