(तस्वीरों के साथ)
नागपुर (महाराष्ट्र), 25 अगस्त (भाषा) केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को कहा कि राजनीति को सामाजिक कार्य, विकास और राष्ट्र निर्माण के रूप में पुन: परिभाषित किया जाना चाहिए।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता गडकरी ‘लक्ष्मणराव मानकर स्मृति संस्था’ द्वारा आदिवासी इलाकों में काम कर रहे शिक्षकों के लिए आयोजित एक संगोष्ठी के बारे में सूचना देने के लिए एक संवाददाता सम्मेलन में बोल रहे थे। गडकरी इस संस्था से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं हमेशा सांसदों, विधायकों, जिला पंचायत और पंचायत समिति सदस्यों से कहता हूं कि यह (सामाजिक कार्य) राजनीति है। हमें राजनीति को पुन: परिभाषित करने की आवश्यकता है।’’
गडकरी ने कहा, ‘‘सामाजिक कार्य, राष्ट्र-निर्माण, विकास और सेवा राजनीति है। अभी केवल ‘सत्ता-करण’ चल रहा है। हमें सत्ता की राजनीति करनी चाहिए लेकिन सामाजिक कार्य और विकास से सामाजिक बदलाव आएगा।’’
उन्होंने कहा कि जनसंघ के दिग्गज नेता दिवंगत दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय मिशन का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना और उसके सामाजिक-आर्थिक बदलाव के लिए काम करना है।
भाषा गोला माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
