scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशमहिला आरक्षण संबंधी विधेयक गिरने के बाद राजग नेताओं की बैठक

महिला आरक्षण संबंधी विधेयक गिरने के बाद राजग नेताओं की बैठक

Text Size:

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 2029 से आरक्षण लागू करने और लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाने से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक के निम्न सदन में गिरने के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं ने शुक्रवार को संसद भवन परिसर में बैठक की।

बैठक में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, धर्मेंद्र प्रधान और अर्जुन राम मेघवाल शामिल हुए।

सूत्रों के अनुसार, राजग के सहयोगी दलों के नेताओं में केंद्रीय मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू (तेलुगु देशम पार्टी), जयंत चौधरी (राष्ट्रीय लोक दल), राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह (जनता दल-यूनाइटेड) और चिराग पासवान (लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास) भी बैठक में मौजूद थे।

इस संबंध में एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “यह एक सामान्य समन्वय बैठक थी।”

लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण 2029 के चुनावों से लागू करने से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक शुक्रवार को संसद के निचले सदन में पारित नहीं हो पाया।

सदन में ‘संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026’, पर हुए मत विभाजन के दौरान इसके पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े।

लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक को पारित करने के लिए दो तिहाई बहुमत की जरूरत होती है।

विधेयक पर मत विभाजन में 528 सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस विधेयक को पारित करने के लिए 352 सदस्यों के समर्थन की आवश्यकता थी।

भाषा खारी नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments