scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशएनसीबी के जोनल निदेशक पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज

एनसीबी के जोनल निदेशक पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज

Text Size:

मुंबई, 28 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र में पुलिस ने नवी मुंबई के बिल्डर गुरुनाथ चिचकर की आत्महत्या के संबंध में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) के जोनल निदेशक अमित घवाटे के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

गुरुनाथ चिचकर मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के सरगना के पिता थे। इस सरगना को प्रत्यर्पण के जरिये पिछले वर्ष ही मलेशिया से लाया गया था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि अदालत के निर्देश के बाद, भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के 2008 बैच के अधिकारी घवाटे पर आत्महत्या के लिए उकसाने, आपराधिक साजिश, जबरन वसूली और भारतीय न्याय संहिता की अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

एनसीबी द्वारा कथित तौर पर उत्पीड़न किए जाने के बाद 25 अप्रैल, 2025 को गुरुनाथ चिचकर ने अपने कार्यालय में पिस्तौल से खुद को गोली मार ली थी। एनसीबी कई देशों में सक्रिय मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह की जांच के तहत उनके बेटे नवीन का पीछा कर रही थी।

उस समय पुलिस ने घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद किया था, जिसमें चिचकर ने एनसीबी और पुलिस अधिकारियों द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न से तंग आकर यह कदम उठाने की बात कही थी।

नवी मुंबई पुलिस ने इस संबंध में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की, जिसमें बाद में घवाटे की भूमिका का खुलासा हुआ।

एनसीबी ने नवीन चिचकर (35) को गिरफ्तार किया था, जिस पर मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तस्करी करने वाले गिरोह का सरगना होने का आरोप है। उसे पिछले साल जून में मलेशिया से प्रत्यर्पित कराया गया था।

नवीन मादक पदार्थों की तस्करी रोकने वाली एजेंसी द्वारा दर्ज किए गए कई मामलों में वांछित था। बाद में उसके छोटे भाई धीरज को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा रवि कांत रवि कांत माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments