scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमदेशमध्य प्रदेश में इस वर्ष जोड़े गए 13.39 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम

मध्य प्रदेश में इस वर्ष जोड़े गए 13.39 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम

Text Size:

भोपाल, छह जनवरी (भाषा) मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुपम राजन ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश में संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान इस वर्ष 13.39 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं, जो पिछले पांच वर्षों में सर्वाधिक आंकड़ा है। इसी के साथ प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 5.39 करोड़ से अधिक हो गई है।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘पांच जनवरी 2023 को प्रकाशित हुई अंतिम मतदाता सूची के अनुसार प्रदेश में कुल 5,39,87,876 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 2,79,62,711 है, जबकि 2,60,23,733 महिला मतदाता हैं।’’

राजन ने बताया कि प्रदेश में तीसरे लिंग के मतदाताओं की संख्या 1,432 है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रदेश में 80 वर्ष एवं इससे अधिक आयु के 7,40,261 मतदाता हैं। वहीं, दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 5,07,865 है।

राजन ने बताया कि मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 अंतर्गत 1,08,766 आवेदन 17 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं के अग्रिम रूप से प्राप्त हुए हैं।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद भी नाम जोड़ने की प्रक्रिया चलती रहेगी।

राजन ने बताया कि पिछले पांच वर्षों की तुलना में इस वर्ष सबसे अधिक 13.39 लाख मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 52 जिलों में से 41 जिलों में पुरुष मतदाताओं की तुलना में महिला मतदाताओं के नाम अधिक जोड़े गए।

उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश में 85.60 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं के आधार नंबर संग्रहित किए जा चुके हैं।

भाषा रावत रावत नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments