scorecardresearch
Monday, 25 May, 2026
होमदेशमणिपुर में छह लोगों की रिहाई की मांग को लेकर नगा समुदाय का प्रदर्शन

मणिपुर में छह लोगों की रिहाई की मांग को लेकर नगा समुदाय का प्रदर्शन

Text Size:

इंफाल, 25 मई (भाषा) मणिपुर की राजधानी इंफाल में सोमवार को नगा समुदाय के सैंकड़ों सदस्यों ने विरोध रैली निकालकर संदिग्ध कुकी आतंकवादियों द्वारा कथित रूप से बंधक बनाए गए छह लोगों को तत्काल रिहा किए जाने की मांग की।

‘नगा पीपुल्स यूनियन इंफाल’ की ओर से आयोजित रैली में मैतेई समुदाय के कई सदस्य भी शामिल हुए। रैली इंफाल ईस्ट जिले में ट्राइबल मार्केट इलाके से शुरू हुई और मुख्यमंत्री के बंगले की ओर बढ़ी।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के आवास से लगभग 200 मीटर दूर पैलेस गेट के पास सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों ने रोक दिया।

हालांकि, उन्होंने बताया कि संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल को आगे जाने और मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह को ज्ञापन सौंपने की अनुमति दे दी गई।

ज्ञापन में संगठन ने छह नगा लोगों को बंधक बनाने के आरोपी सशस्त्र कुकी उग्रवादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

संगठन ने उपमुख्यमंत्री नेमचा किपजेन को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि उनके पति उग्रवादी संगठन कुकी नेशनल फ्रंट (प्रेसिडेंशियल) का नेतृत्व करते हैं और अपहरण के लिए जिम्मेदार हैं।

उल्लेखनीय है कि 13 मई को कांगपोकपी और सेनापति जिलों में तीन गिरजाघर पदाधिकारियों की घात लगाकर हत्या किए जाने के कुछ घंटों बाद, सशस्त्र समूहों ने 38 से अधिक लोगों का अपहरण करके उन्हें बंधक बना लिया था। बंधक बनाए गए लोगों में 32 (12 नगा महिलाएं और 16 कुकी) को बाद में रिहा कर दिया गया। हालांकि, छह नगा पुरुष अब भी लापता हैं और उनके बारे में कोई जानकारी नहीं है।

इस बीच, कुकी इनपी मणिपुर ने दावा किया कि उसके समुदाय के 14 लोग अब भी नगा समूहों द्वारा बंधक बनाकर रखे गए हैं।

भाषा जोहेब पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments