मुंबई, 31 जनवरी (भाषा) शिवसेना (यूबीटी) के कई कार्यकर्ताओं ने पश्चिमी उपनगर में विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अनिल परब द्वारा कार्यालय के लिए इस्तेमाल किए जा रहे ढांचे को ध्वस्त किए जाने के विरोध में मंगलवार को महाराष्ट्र आवास क्षेत्र विकास प्राधिकारण (महाडा) के बांद्रा स्थित दफ्तर के सामने प्रदर्शन किया।
एक अधिकारी ने बताया कि शिवसेना के उद्धव ठाकरे गुट के सदस्य और पूर्व मंत्री परब भी पार्टी कार्यकर्ताओं की नारेबाजी के बीच प्रदर्शन स्थल पर गए। उन्होंने बताया कि महिलाओं सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना बालासाहेबंची और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ नारेबाजी की।
अधिकारी ने बताया कि महाडा दफ्तर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था और दर्जनों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि परब भी महाडा के कार्यालय पहुंचे थे।
भाजपा नेता किरीट सोमैया ने सोमवार को दावा किया था कि परब के ब्रांदा स्थित ‘अवैध’ कार्यालय को ध्वस्त कर दिया गया है।
सूत्रों ने बताया कि परब बांद्रा पूर्व स्थित महाडा के हाउसिंग सोसाइटी परिसर में अपना कार्यालय चला रहा थे, जिसे हाल में सोसाइटी ने ध्वस्त कर दिया था।
भाषा धीरज सुभाष
सुभाष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
