मुंबई, 26 जून (भाषा) राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने मुंबई की उपनगरीय ट्रेनों में महिला डिब्बों में गश्त बढ़ा दी है और यात्रियों की सुरक्षा के लिए जागरूकता कार्यक्रम शुरू किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि 14 जून को तड़के चलती उपनगरीय ट्रेन में 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न की घटना के आलोक में पिछले सप्ताह जागरूकता कार्यक्रम शुरू किया गया था।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जीआरपी पश्चिम रेलवे, संदीप भाजीभाकरे ने कहा, “हमने महिला यात्रियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम शुरू किया है। हम उन्हें यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और आपात स्थिति में उन फोन नंबरों के बारे में सूचित कर रहे हैं जिन पर वे कॉल कर सकती हैं।
उन्होंने कहा कि जीआरपी ने महिला डिब्बों में भी पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी है और ट्रेनों में ड्यूटी का समय पहले रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक से बढ़ा कर अब रात नौ बजे से सुबह नौ बजे तक कर दिया है।
भाषा प्रशांत माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.