scorecardresearch
Friday, 28 August, 2026
होमदेशमप्र : तीन नाबालिग बहनों की संदिग्ध हालात में मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

मप्र : तीन नाबालिग बहनों की संदिग्ध हालात में मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

Text Size:

इंदौर, 28 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में तीन नाबालिग बहनों की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

बेटमा थाना प्रभारी रणजीत सिंह बघेल ने बताया कि 25 और 26 अगस्त के बीच दम तोड़ने वाली सगी बहनों की उम्र 10, आठ और छह वर्ष थी।

उन्होंने बताया कि मृत लड़कियों के पिता छत्तीसगढ़ के मूल निवासी हैं और मध्यप्रदेश के बेटमा कस्बे के पास एक निजी कंपनी में काम करते हैं।

थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों लड़कियां 23 अगस्त को भोजन करने के बाद बीमार पड़ गई थीं और बाद में इनमें से दो लड़कियों की मृत्यु हो गई, लेकिन दम्पति ने इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी।

उन्होंने बताया कि दम्पति अपनी दोनों बेटियों के शवों को चार पहिया वाहन से छत्तीसगढ़ स्थित अपने पैतृक गांव में अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे, लेकिन इटारसी के पास उनकी तीसरी बेटी की भी तबीयत खराब हो गई और वहां के एक अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई।

थाना प्रभारी ने बताया कि अस्पताल द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने पर तीनों लड़कियों के शवों का पोस्टमॉर्टम इटारसी में कराया गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने दम्पति के घर से आटे व अन्य खाद्य वस्तुओं और पेयजल के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है।

उन्होंने बताया कि मृत लड़कियों का विसरा भी जांच के लिए भेजा गया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, विसरा रिपोर्ट और अन्य नमूनों की जांच रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा कि लड़कियों की मौत किस कारण से हुई।

उन्होंने बताया कि पुलिस तमाम पहलुओं को ध्यान में रखते हुए लड़कियों की मौत के मामले की जांच कर रही है।

भाषा हर्ष मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments