इंदौर, तीन अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में पुलिस ने ‘मोहपाश’ गिरोह में शामिल दो महिलाओं समेत तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
बड़गोंदा पुलिस थाने के प्रभारी प्रकाश वास्कले ने बताया कि एक पूर्व फौजी की शिकायत पर जांच के बाद गिरफ्तार आरोपियों में 25 से 40 वर्ष की दो महिलाएं और 30 साल का पुरुष शामिल है।
उन्होंने बताया कि इनमें से एक महिला ने सोशल मीडिया पर संपर्क करके पूर्व फौजी को जाल में फंसाया और उसे बुधवार को एक रिसॉर्ट में मिलने के लिए बुलाया।
वास्कले ने बताया,‘‘कुछ ही देर में अन्य आरोपी रिसॉर्ट में पहुंच गए और पूर्व फौजी को महिला के साथ बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी देकर उससे दो लाख रुपये मांगे।’’
उन्होंने बताया कि पुलिस को ‘मोहपाश’ गिरोह के जाल में फंसने वाले एक और व्यक्ति के बारे में पता चला है जिससे अपराध के ऐसे ही तरीके से 28,000 रुपये ऐंठ लिए गए थे।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरोह ने जिस रिसॉर्ट में पूर्व फौजी को बुलाया था, उसमें ठहरने वाले लोगों की जानकारी तय प्रारूप में दर्ज नहीं की जा रही थी और प्रशासन के प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन किया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि रिसॉर्ट को सील करा दिया गया है और उसके संचालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 (किसी लोक सेवक का विधिवत जारी आदेश नहीं मानना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा हर्ष
संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.