scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशमप्र : जिला न्यायालय में जहरीली गैस के 15 बमों में विस्फोट की धमकी फर्जी पाई गई

मप्र : जिला न्यायालय में जहरीली गैस के 15 बमों में विस्फोट की धमकी फर्जी पाई गई

Text Size:

बड़वानी, 20 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के बड़वानी की जिला अदालत में जहरीली गैस के 15 बमों में विस्फोट की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को इस परिसर को खाली कराते हुए जांच की, लेकिन इसमें कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और यह धमकी फर्जी पाई गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

प्रधान जिला और सत्र न्यायाधीश महेन्द्र कुमार जैन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘जिला न्यायालय के पते पर तमिल में लिखा एक ई-मेल मिला जिसमें कहा गया था कि अदालत परिसर में जहरीली गैस के 15 बम रखे गए हैं जिनमें विस्फोट होगा। हमने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।’’

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने बताया कि इस सूचना पर पुलिस बल और बम निरोधक दस्ता भेजकर न्यायालय परिसर को खाली कराया गया और इसमें अच्छी तरह छानबीन की गई, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

उन्होंने बताया कि पुलिस का साइबर दस्ता जांच कर रहा है कि बम विस्फोट की धमकी वाला फर्जी ई-मेल कहां से भेजा गया था और जांच के बाद उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

अधिकारियों ने बताया कि गुजरे महीनों के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हवाई अड्डे, बैंक शाखाओं, अस्पतालों और विद्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी के झूठे ई-मेल आ चुके हैं और इस बारे में संबद्ध प्रावधानों के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

भाषा

सं, हर्ष रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments