scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशमप्र : गौशाला में घुसा तेंदुआ, पकड़े जाने से पहले आठ मवेशियों का किया शिकार

मप्र : गौशाला में घुसा तेंदुआ, पकड़े जाने से पहले आठ मवेशियों का किया शिकार

Text Size:

महू (मप्र), आठ अप्रैल (भाषा) मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में एक गौशाले में घुस कर एक तेंदुए ने आठ मवेशियों का शिकार कर दिया। यह जानकारी एक अधिकारी ने शनिवार को दी।

उन्होंने कहा कि यह घटना महू तहसील मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर घोड़ाखुर्द गांव के खेत में जंगल के पास बनी गौशाले की है।

महू जनपद के उपाध्यक्ष बीरबल डाबर ने पीटीआई-भाषा को बताया कि घोड़ाखुर्द गांव निवासी निर्मला देवर शनिवार सुबह अपने मवेशियों को चारा डालने के लिए अपने घर के पास खेत में बने इस गौशाले में गई तो उसने अंदर एक तेंदुआ देखा और तुरंत गौशाले का दरवाजा बंद कर दिया।

उन्होंने कहा कि इसके बाद महिला भागकर अपने घर गई और अपने पति भीम सिंह को इसके बारे में बताया, जिसके बाद उन्होंने वन विभाग एवं पुलिस को इसकी सूचना दी।

डाबर ने बताया कि मौके पर पहुंचे वन अधिकारियों ने तेंदुए को बेहोश किया और उसे पिंजड़े में रख कर इंदौर जिले स्थित रालामंडल अभयारण्य ले गए।

उन्होंने कहा, लेकिन पकड़े जाने से पहले इस तेंदुए ने दो भैंसों और छह बकरियों का शिकार कर लिया था।

महू वन परिक्षेत्र के अधिकारी पवन जोशी ने बताया, ‘‘बचाव दस्ते ने तेंदुए को बेहोश किया और फिर उसे रालामंडल अभयारण्य ले गये। होश में आने के बाद, इसकी चिकित्सकीय जांच की जाएगी और बाद में उसे घने जंगल में छोड़ दिया जाएगा। वरिष्ठ अधिकारी तय करेंगे कि इसे कहां छोड़ा जाएगा।’’

भाषा सं रावत अर्पणा

अर्पणा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments