इंदौर (मध्यप्रदेश), 26 अक्टूबर (भाषा) इंदौर में एक निजी इवेंट मैनेजमेंट फर्म द्वारा एक मशीन का परीक्षण किए जाने के दौरान आग की तेज लपट की जद में आकर 12 वर्षीय लड़का और उसके दादा झुलस गए जिसके बाद फर्म के संचालक के खिलाफ सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की गई और उसके प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना 25 अक्टूबर (रविवार) को नंदा नगर क्षेत्र में हुई जिसमें रमेशचन्द्र जायसवाल और उनका 12 वर्षीय पोता रुद्र झुलस गए।
उन्होंने बताया कि मशीन की तेज लपट से जायसवाल के दोनों हाथों के बाल जल गए, जबकि उनके पोते के हाथों, चेहरे, गले और आंखों पर चोट आई।
अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय इवेंट मैनेजमेंट फर्म के संचालक तुषार कोली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना) और धारा 125 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
तहसीलदार निधि राजपूत ने बताया कि घटना उस समय हुई, जब आग की लपटें पैदा करने वाली मशीन का रिहायशी इलाके में परीक्षण किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि इस मशीन का इस्तेमाल कार्यक्रमों के मंच पर और शादी-पार्टियों के दौरान किया जाता है।
राजपूत ने बताया कि मशीन में इस्तेमाल होने वाला तरल ईंधन इससे बाहर निकलवाकर उसके कंटेनर वहां से हटवा दिए गए हैं और फर्म के प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि तरल ईंधन को जांच के लिए भेजा गया है।
तहसीलदार ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला कि संबंधित इवेंट मैनेजमेंट फर्म करीब तीन महीने से संचालित हो रही है और संचालक के पास इस काम से संबंधित वैध अनुमति पत्र और अन्य कानूनी दस्तावेज नहीं मिले।
उन्होंने बताया कि घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।
भाषा हर्ष
मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.