इंदौर (मध्यप्रदेश), दो फरवरी (भाषा) इंदौर में सोमवार को एक मालवाहक मिनी ट्रक के कथित तौर पर नशे में धुत चालक ने एक व्यस्त सड़क पर तीन मोटरसाइकिलों को टक्कर मारते हुए पांच लोगों को घायल कर दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
भंवरकुआं थाने के उपनिरीक्षक डीएस चौहान ने संवाददाताओं को बताया कि इंदौर-खंडवा रोड पर मालवाहक मिनी ट्रक के चालक ने तीन मोटरसाइकिलों को सिलसिलेवार तरीके से टक्कर मारी।
उन्होंने बताया,‘‘घटना में पांच लोग घायल हो गए। उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।’’
चौहान ने बताया कि मिनी ट्रक चालक कथित तौर पर नशे में था जिसे हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।
शहर में मालवाहक ट्रकों के चालकों के नशे की हालत में गाड़ी चलाने से पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।
अधिकारियों ने बताया कि शहर के एयरपोर्ट रोड पर पिछले साल 15 सितंबर की रात ऐसी ही एक घटना में तीन राहगीरों की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।
भाषा हर्ष जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
