भोपाल/इंदौर, आठ अप्रैल (भाषा) ‘‘गंदे कपड़े पहनकर बाहर निकलने वाली लड़कियों के शूर्पणखा लगने’’ संबंधी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बयान के विरोध में कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में प्रदर्शन किया।
इंदौर शहर में कांग्रेस के महिला प्रकोष्ठ ने रजवाड़ा इलाके में प्रदर्शन किया और विजयवर्गीय के पुतले को आग लगाने की कोशिश करते हुए कहा कि उनमें महिलाओं के प्रति कोई सम्मान नहीं है।
भोपाल में कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने विजयवर्गीय के विधायक बेटे आकाश विजयवर्गीय के बंगले के सामने ‘‘बेशरम के फूल’’ लेकर प्रदर्शन किया।
कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के मीडिया विभाग की उपाध्यक्ष संगीता शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पार्टी दो-तीन दिन इंतजार करेगी और अगर विजयवर्गीय माफी नहीं मांगते हैं, तो उनके खिलाफ इंदौर में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
वहीं, कांग्रेस की राज्य इकाई द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल के नेतृत्व में महिला कांग्रेस की सदस्यों ने हाथों में ‘‘बेशरम फूल की टहनियां’’ लेकर भोपाल में विजयवर्गीय के बंगले पर प्रदर्शन किया।
इस दौरान पटेल ने कहा कि अपने आप को मध्य प्रदेश में लाड़ली किशोरियों का मामा और लाड़ली बहनों का भाई कहने वाले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार के राज में विजयवर्गीय ने महिलाओं का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि अगर विजयवर्गीय में तनिक भी शर्म है तो वह माफी मांगे।
पटेल ने कहा कि विजयवर्गीय ने महिलाओं के पहनावे पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की तुलना शूर्पणखा से करना अत्यंत अशोभनीय, अनुचित, शर्मनाक और दूषित मानसिकता का परिचायक है।
कैलाश विजयवर्गीय ने बुधवार रात कहा था, ‘‘ मैं रात में जब (बाहर) निकलता हूं और पढे़-लिखे नौजवानों और बच्चों को (नशे में) झूमते हुए देखता हूं, तो सच में ऐसी इच्छा होती है कि (गाड़ी से) उतरकर इनको पांच-सात लगाकर नशा उतार दूं। मैं भगवान की कसम खाकर कहता हूं। मैं हनुमान जयंती पर झूठ नहीं बोल रहा हूं।’’
उन्होंने कहा था,‘‘हम महिलाओं को देवी बोलते हैं, लेकिन लड़कियां भी इतने गंदे कपड़े पहनकर निकलती हैं कि उनमें देवी का स्वरूप ही नहीं दिखता, बिल्कुल शूर्पणखा लगती हैं..सच में। भगवान ने इतना अच्छा और सुंदर शरीर दिया है..तुम जरा अच्छे कपड़े पहनो यार।’’
गौरतलब है कि भारत के पौराणिक ग्रंथ ‘रामायण’ में शूर्पणखा को लंका के राजा रावण की बहन बताया गया है और कथा के मुताबिक शूर्पणखा के अमर्यादित आचरण को लेकर भगवान राम के छोटे भाई लक्ष्मण ने उसकी नाक काट दी थी।
भाषा रावत रावत सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
