भोपाल, दो जनवरी (भाषा) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने ट्रेनों में यात्रियों के बेशकीमती सामान की चोरी करने वाले एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया, जो बी.टेक पास है और इंग्लैंड में नौकरी कर चुका है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जुए की लत और पैसों की हार के बाद आर्थिक तंगी के कारण उसने चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू किया।
भोपाल के पुलिस अधीक्षक (जीआरपी) राहुल कुमार लोढ़ा ने ‘पीटीआई-वीडियो’ सेवा को बताया कि आरोपी की पहचान लखनऊ के देव स्थान के रहने वाले प्रांजल दीक्षित कोठी (36) के रूप में हुई है और उसके पास से करीब सात लाख रुपये के सोने के आभूषण बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने पुणे से बी.टेक की डिग्री हासिल की है और वह एक बहु राष्ट्रीय कंपनी में काम कर चुका है।
अधिकारी ने बताया कि इस कंपनी के लिए आरोपी इंग्लैंड में नौकरी कर चुका है। पुलिस ने बताया कि आरोपी राजधानी, शताब्दी और वंदे भारत जैसी ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को अपना निशाना बनाता था तथा मौका देखकर चोरी करता था।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी को ऑनलाइन गेमिंग और जुए की लत थी, जिनमें लगातार रुपये हारने के बाद उसने चोरी का रास्ता अपनाया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अब तक चार चोरी की वारदात की बात कबूल की है।
भाषा ब्रजेन्द्र जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
