scorecardresearch
Friday, 23 October, 2026
होमदेशविश्व स्तर पर अधिकतर लोगों को तीन आम बीमारियों का उच्च आनुवंशिक जोखिम: अध्ययन

विश्व स्तर पर अधिकतर लोगों को तीन आम बीमारियों का उच्च आनुवंशिक जोखिम: अध्ययन

Text Size:

नयी दिल्ली, 23 अक्टूबर (भाषा) विश्व में अधिकतर लोगों को 28 आम बीमारियों में से तीन रोगों का उच्च आनुवंशिक जोखिम रहता है जिनमें मधुमेह, हृदय रोग और सित्ज़ोफ्रेनिया शामिल हैं। यह बात एक नए अध्ययन में कही गई है।

ब्रिटेन के एक्सेटर विश्वविद्यालय की टीम के नेतृत्व में अनुसंधानकर्ताओं ने ‘औसत’ मानव जीनोम का अध्ययन करते हुए पाया कि हर व्यक्ति, चाहे उसकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति कुछ भी हो, केवल अपनी आनुवंशिक बनावट के आधार पर कई तरह की बीमारियों के जोखिम में हो सकता है।

‘जीनोम मेडिसिन’ पत्रिका में प्रकाशित अध्ययन रिपोर्ट से पता चलता है कि हर व्यक्ति के ‘जीनोम’ में लगभग 50 लाख ‘वैरिएंट’ (डीएनए के ऐसे हिस्से जो अलग-अलग व्यक्तियों में भिन्न होते हैं) पाए जाते हैं।

इनमें लगभग 10,000 ऐसे ‘वैरिएंट’ शामिल हैं जो जीन क्रम को बदल देते हैं। इनका असर सकारात्मक या नकारात्मक हो सकता है-जैसे ‘लैक्टोज’ न पच पाने से लेकर दवाओं के प्रति शरीर की प्रतिक्रिया तक। हालाँकि, अक्सर ये जैविक रूप से तटस्थ होते हैं।

अनुसंधानकर्ताओं ने पाया कि हर व्यक्ति में एक से तीन ऐसे दुर्लभ ‘वैरिएंट’ होते हैं, जिनके बारे में पहले ही पता चल चुका है कि वे गंभीर आनुवंशिक बीमारियां पैदा कर सकते हैं। इसके अलावा, हर व्यक्ति में 50 अन्य दुर्लभ ‘वैरिएंट’ भी होते हैं, जिनका चिकित्सीय महत्व अभी स्पष्ट नहीं है।

टीम ने दो बड़े जनसंख्या बायोबैंक – यूके बायोबैंक (यूकेबी) और अमेरिका के ‘ऑल ऑफ अस’ – के डेटा का विश्लेषण किया। इनमें लगभग दस लाख लोगों का संपूर्ण जीनोम अनुक्रमण शामिल है।

एक्सेटर विश्वविद्यालय की वरिष्ठ लेखिका कैरोलीन राइट ने कहा, ‘‘आनुवंशिक बीमारियों का पता लगाने में संपूर्ण जीनोम अनुक्रमण एक अत्यंत महत्वपूर्ण साधन बन गया है, और हम बीमारियों का पूर्वानुमान लगाने के लिए जीन पड़ताल की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।’’

अनुसंधान से जुड़े लेखकों ने कहा, ‘‘यूकेबी में 28 आम बीमारियों से संबंधित ‘पॉलीजेनिक स्कोर’ (पीजीएस) के आधार पर हमारा अनुमान है कि एक औसत व्यक्ति (लगभग) तीन बीमारियों के मामले में शीर्ष 10 प्रतिशत में आता है, और लगभग हर पांच में से एक व्यक्ति कम से कम एक पीजीएस के लिए शीर्ष एक प्रतिशत में शामिल है।’’

भाषा नेत्रपाल नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments