scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशमिजोरम: 21 अप्रैल को होने वाले नगर निगम चुनावों के लिए राजनीतिक गतिविधियां तेज

मिजोरम: 21 अप्रैल को होने वाले नगर निगम चुनावों के लिए राजनीतिक गतिविधियां तेज

Text Size:

आइजोल, 20 मार्च (भाषा) मिजोरम में आइजोल नगर निगम (एएमसी) चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पार्टियां उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दे रही हैं और नगर निकाय के लिए अपना एजेंडा तय कर रही हैं।

उन्नीस सदस्यीय एएमसी के लिए मतदान 21 अप्रैल को निर्धारित है, जबकि मतगणना 27 अप्रैल को होगी।

सत्तारूढ़ जोराम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) की जीत का भरोसा जताते हुए पार्टी के महासचिव ए डी ज़ोसांगलियाना कोल्नी ने कहा कि उम्मीदवारों की सूची 23 मार्च को घोषित की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय परिषद स्तर पर गहन प्रक्रिया के बाद उम्मीदवारों का चयन किया गया है।

विपक्षी मिज़ो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) नगर निकाय पर अपना नियंत्रण बरकरार रखने की कोशिश कर रहा है। एमएनएफ के उपाध्यक्ष और दम्पा के विधायक आर लालथांगलियाना ने कहा कि पार्टी के उम्मीदवार पिछले साल से ही ज़मीनी स्तर पर सक्रिय हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘एएमसी की स्थापना करने वाली पार्टी के रूप में, हमारा लक्ष्य सत्ता में बने रहना है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि निगम अपनी मूल परिकल्पना को पूरा करे।’’

सभी 19 सीटों पर चुनाव लड़ रही कांग्रेस खुद को सामुदायिक नेताओं की पार्टी के रूप में पेश कर रही है और ‘जन-केंद्रित’ प्रशासन का वादा कर रही है। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष आर एल वाला ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य एएमसी को एक नया रूप देना है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा कि वह आइजोल में शहरी विकास को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार से अपने संबंधों का लाभ उठाएगी।

भाजपा की राज्य इकाई के महासचिव डेलसन नोटलिया ने कहा कि पार्टी की चयन समिति उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने के लिए कई बार बैठक कर चुकी है।

भाषा आशीष नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments