शिलांग/गुवाहाटी, 25 अप्रैल (भाषा) गुवाहाटी से लापता हुई 25 वर्षीय एक महिला शनिवार को मेघालय की राजधानी शिलांग में मिली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने अपहरण की आशंका को खारिज करते हुए कहा कि महिला अकेले ही शिलांग गई थी और व्यक्तिगत और मानसिक परेशानी का सामना कर रही थी।
पुलिस ने बताया कि महिला गुवाहाटी के एक निजी स्कूल में पढ़ाती थी।
पुलिस ने परिवार के हवाले से बताया कि महिला शुक्रवार दोपहर को अपने पूर्व नियोक्ता से बकाया वेतन लेने के लिए घर से निकली थी।
मेघालय के पूर्वी खासी पर्वतीय जिला के एसपी विवेक सिएम ने बताया कि यातायात पुलिसकर्मियों को महिला पोलो ग्राउंड इलाके में एसबीआई शाखा के नजदीक सुबह लगभग आठ बजे मिली। उसे बाद में सदर पुलिस थाने ले जाया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘वह यह बताने में असमर्थ थी कि वह शिलांग कैसे पहुंची।’’
उन्होंने बताया कि बाद में उसे चिकित्सा परीक्षण के लिए ले जाया गया और गुवाहाटी पुलिस को सूचित किया गया।
मामले की जांच के लिए गठित असम पुलिस का विशेष कार्य बल (एसटीएफ) महिला को शनिवार शाम को गुवाहाटी वापस ले आया।
गुवाहाटी के एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि अपहरण का कोई मामला नहीं था और महिला स्वेच्छा से शिलांग गई थी। उन्होंने कहा, ‘‘वह मानसिक रूप से परेशान थी।’’
भाषा
देवेंद्र धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.