नयी दिल्ली/कोलकाता, 27 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने सोमवार को बताया कि पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच अज्ञात हमलावरों ने भाजपा विधायक पवन सिंह के घर पर पत्थर फेंके और देसी बम से हमला किया।
घटना में वीआईपी सुरक्षा में तैनात एक जवान गोली लगने से घायल हो गया।
सीआईएसएफ के अनुसार, यह घटना उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा इलाके में रविवार देर रात हुई, जब चुनाव प्रचार तेज था और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था।
बल ने बताया कि पवन सिंह और उनके पिता तथा भाजपा विधायक अर्जुन सिंह पर पहले जगतदल थाने के पास हमला किया गया, जहां से सीआईएसएफ के जवानों ने उन्हें तुरंत सुरक्षित उनके आवास तक पहुंचाया।
सीआईएसएफ पवन सिंह और अर्जुन सिंह को वीआईपी सुरक्षा प्रदान करता है। पवन सिंह भाटपाड़ा सीट से फिर चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि अर्जुन सिंह नुआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार हैं।
घायल जवान को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर है।
पश्चिम बंगाल में दूसरे और अंतिम चरण में बुधवार को 142 सीटों पर मतदान होना है, जबकि मतगणना चार मई को होगी।
भाषा
राखी वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.