scorecardresearch
Tuesday, 20 October, 2026
होमदेशमीरवाइज ने नयी दिल्ली स्थित रेस कोर्स मस्जिद को मिले ‘बेदखली नोटिस’ पर जताई चिंता

मीरवाइज ने नयी दिल्ली स्थित रेस कोर्स मस्जिद को मिले ‘बेदखली नोटिस’ पर जताई चिंता

Text Size:

श्रीनगर, 20 अक्टूबर (भाषा) कश्मीर के धर्मगुरु ‘मीरवाइज’ उमर फारूक ने मंगलवार को नयी दिल्ली स्थित ऐतिहासिक ‘रेस कोर्स मस्जिद’ को खाली करने के कथित नोटिस पर चिंता जताई। यह मस्जिद 1977 से एक अधिसूचित वक्फ संपत्ति है और एक सूचीबद्ध धरोहर स्थल भी है।

मीरवाइज ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “यह बेहद चिंताजनक है कि 1977 से एक अधिसूचित वक्फ संपत्ति और एक सूचीबद्ध धरोहर स्थल, दिल्ली की ऐतिहासिक ‘रेस कोर्स मस्जिद’ पर छह दिनों के भीतर खाली कराए जाने का खतरा मंडरा रहा है।”

उन्होंने कहा कि मस्जिद का बचाव करने में वक्फ अधिकारियों की विफलता भी चिंताजनक है।

उन्होंने कहा, “वक्फ अधिकारियों का इसे बचाने में विफल रहना भी उतना ही चिंताजनक है। क्या मुसलमानों के इबादत स्थलों के लिए यही अब एक आम बात बनती जा रही है?”

मीरवाइज ने कहा, “यही कारण है कि हमने वक्फ संशोधनों और मुस्लिम धार्मिक संपत्तियों पर नियुक्त प्रतिनिधियों के जरिए सरकारी नियंत्रण बढ़ाने का कड़ा विरोध किया। अगर एक कानूनी रूप से मान्यता प्राप्त मस्जिद की ही सुरक्षा नहीं की जा सकती, तो बाकियों के लिए क्या सुरक्षा उपाय बचते हैं?”

भाषा प्रशांत पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments