scorecardresearch
Friday, 27 February, 2026
होमदेशबदला लेने के लिए नाबालिग की हत्या की गई थी, दो गिरफ्तार

बदला लेने के लिए नाबालिग की हत्या की गई थी, दो गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, 27 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास 17 वर्षीय लड़के का जला हुआ शव मिलने के मामले की गुत्थी को सुलझा लिया गया है और उसकी हत्या बदला लेने के लिए की गई थी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस बाबत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिनकी पहचान गौरव उर्फ​कालिया (30) और विनय (25) के रूप में हुई है।

यह मामला 12 फरवरी को तब सामने आया जब सुबह करीब 8:30 बजे आदर्श नगर थाने में मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास वन क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिली।

उत्तर पश्चिम दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने एक बयान में कहा, ‘फोन करने वाले ने बताया कि घटनास्थल पर एक बच्चे का शव पड़ा हुआ है।’

मौके पर पहुंची पुलिस को मेट्रो स्टेशन की दीवार के पास एक जला हुआ शव मिला जिसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।

अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। बाद में, बीजेआरएम अस्पताल में पीड़ित के पिता भगवान और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसकी पहचान विष्णु (17) के रूप में की।

उन्होंने बताया कि 16 फरवरी को आदर्श नगर थाने में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।

अधिकारी के मुताबिक,पीड़ित की बहन रोशनी ने बताया कि उसका भाई विष्णु अगस्त 2025 में दीपक नामक व्यक्ति की हत्या में भी शामिल था और उस मामले में उसे किशोर सुधारगृह भेजा गया था तथा उसे 31 जनवरी को जमानत पर रिहा कर दिया गया था।

उसने पुलिस को बताया कि विष्णु लापता होने से पहले परेशान दिख रहा था और उसने खुलासा किया था कि आजादपुर का रहने वाला गौरव अपने साथियों के साथ मिलकर उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था।

सिंह ने बताया कि जांच के दौरान 17 फरवरी को, गुप्त सूचना के आधार पर विनय नामक व्यक्ति को पकड़ गया और अपराध में इस्तेमाल किया गया स्कूटर उसकी निशानदेही पर बरामद किया गया।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान, उसने गौरव के साथ हत्या में अपनी संलिप्तता का खुलासा किया और गौरव को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच से पता चला कि 2025 में दीपक की हत्या का बदला लेने के लिए विष्णु की हत्या की गई थी। पुलिस ने बताया कि गौरव दीपक का पड़ोसी था और उसे चाचा समान मानता था।

अधिकारी ने बताया, ’11 फरवरी की रात करीब 10.45 बजे शराब पीते समय, विष्णु ने कथित तौर पर दीपक की हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार की और गौरव की भी हत्या करने का इरादा जताया। इससे क्रोधित होकर गौरव ने विनय के साथ मिलकर विष्णु की हत्या करने और दीपक की मौत का बदला लेने की साजिश रची।’

पुलिस ने बताया कि अपनी साजिश को अंजाम देने के लिए, दोनों ने कथित तौर पर विष्णु पर हमला किया और उसके सिर पर पत्थर से बार-बार वार किए, जिससे उसे जानलेवा चोटें आईं।

पुलिस ने बताया कि बाद में उन्होंने पेट्रोल लाकर उसके शरीर पर डाला और 11 और 12 फरवरी की दरमियानी रात को सबूत मिटाने और उसकी पहचान छिपाने के प्रयास में उसे आग लगा दी।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments