उत्तरकाशी/देहरादून, 25 नवंबर (भाषा) उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के दूरस्थ पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड में 39 मकानों के जलकर राख होने के एक दिन बाद बुधवार को प्रदेश के आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
वहीं, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने गांव का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की।
प्रशासन के अनुसार, अग्निकांड से 43 परिवार प्रभावित हुए हैं और इनकी मदद के लिए एक दिसंबर से गांव में विशेष शिविर लगाया जाएगा।
कौशिक ने हवाई सर्वेक्षण के दौरान अधिकारियों से राहत और पुनर्वास कार्यों की जानकारी ली।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वह गांव नहीं पहुंच सके क्योंकि वहां हेलीकॉप्टर उतारने से आग बुझाने के दौरान निकला धुआं और गैसें आसपास के क्षेत्र में फैल सकती थीं।
वहीं, जिलाधिकारी आर्य ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर अधिकारियों को तत्काल जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित विभागों को एक दिसंबर से विशेष शिविर लगाने को कहा, ताकि प्रभावित परिवारों को आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक संबंधी कागजात और अन्य जरूरी दस्तावेज दोबारा बनवाने में मदद मिल सके।
इस दौरान पुरोला के विधायक दुर्गेश्वर लाल भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने गांव में रात के समय रोशनी की व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने और गांव तक पहुंचने वाली सड़क की जल्द मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए। आर्य ने बताया, “राहत कार्य जारी हैं और सभी संबंधित विभागों की टीमें मौके पर मौजूद हैं। प्रभावित परिवारों के लिए सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही है और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी गांव में तैनात हैं।”
उन्होंने बताया कि प्रभावित लोगों के लिए भोजन, रहने की व्यवस्था और रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं का इंतजाम किया जा रहा है तथा राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल समय में सरकार उनके साथ खड़ी है।
लाल ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर अग्निकांड और प्रभावित परिवारों की स्थिति के बारे में चर्चा की है।
भाषा सं दीप्ति रंजन जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.