बेंगलुरु, 23 मई (भाषा) कर्नाटक सरकार ने न्यूनतम मजदूरी में 60 प्रतिशत की वृद्धि की है, जिससे बेंगलुरु में श्रमिकों को न्यूनतम 23,376 रुपये प्रति माह प्राप्त होंगे। राज्य सरकार की अधिसूचना में कहा गया कि राजधानी बेंगलुरु में कुशल कामगार 31,114 रुपये प्रति माह के हकदार होंगे।
शनिवार को श्रम मंत्री संतोष लाड ने यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि इसके साथ ही कर्नाटक के श्रमिक समुदाय की लंबे समय से लंबित मांग पूरी हो गई है।
कर्नाटक के अन्य हिस्सों में संशोधित दरें प्रतिमाह 19,300 रुपये से 21,251 रुपये तक के बीच होंगी।
मंत्री ने कहा कि संशोधित मजदूरी अधिसूचना राज्य भर में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के साथ-साथ निर्दिष्ट क्षेत्रों के कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेगी तथा पहली बार लाखों श्रमिकों को एक एकीकृत ढांचे के तहत लाएगी।
लाड ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘हमारी सरकार ने श्रमिकों के न्यूनतम वेतन में 60 प्रतिशत की वृद्धि करने वाली अधिसूचना जारी की है। इसके माध्यम से, हमारी सरकार ने राज्य में श्रमिक समुदाय की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा किया है।’’
भाषा
राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.