scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशपहलगाम हमले के पीड़ितों के सम्मान में बनाया गया स्मारक; पहली बरसी से पहले कड़ी सुरक्षा

पहलगाम हमले के पीड़ितों के सम्मान में बनाया गया स्मारक; पहली बरसी से पहले कड़ी सुरक्षा

Text Size:

पहलगाम (जम्मू कश्मीर), 21 अप्रैल (भाषा) पहलगाम में पिछले साल हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले 25 पर्यटकों और एक स्थानीय व्यक्ति को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक स्मारक बनाया गया। वहीं, अधिकारियों ने घटना की पहली बरसी से पहले पूरे कश्मीर में सुरक्षा बढ़ा दी है।

लिद्दर नदी के किनारे काले संगमरमर से निर्मित एक स्मारक बनाया गया है, जिस पर 26 मृतकों के नाम अंकित हैं, जो बैसरन घाटी में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले की याद दिलाता है।

एक साल बाद, यह घाटी बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित कर रही है। कुछ आगंतुकों ने सुरक्षा व्यवस्था और स्थानीय लोगों के आतिथ्य सत्कार की बहुत प्रशंसा की।

नवजोत सरकार नाम के एक पर्यटक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘जो होना था वह हो चुका है। लेकिन अगर हम अब इस जगह की यात्रा न करने का फैसला करते हैं, तो यह गलत होगा। भारत में लगभग हर घर के लोग कश्मीर जाने का सपना देखते हैं… मैं असम से हूं – हम भी कश्मीर की यात्रा करना चाहते थे।’’

नवजोत, देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में आए पर्यटकों के साथ, वर्तमान में पहलगाम के एक रिसॉर्ट में ठहरे हुए हैं, जो इस लोकप्रिय पर्यटन स्थल पर पर्यटकों की निरंतर वापसी को दर्शाता है।

पिछले साल हुए हमले के बावजूद, पर्यटकों का आना जारी है, जिनमें से कई मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था और क्षेत्र के आतिथ्य सत्कार पर भरोसा जता रहे हैं।

पंजाब से आये पर्यटक अंकुर माहेश्वरी ने कहा, ‘‘हमें किसी भी प्रकार की समस्या नहीं हुई – हमारे पूरे प्रवास के दौरान कभी कोई परेशानी या असुविधा नहीं हुई। कश्मीर के लोग बेहद मिलनसार और मददगार हैं, उन्होंने हमारे साथ विनम्रता से व्यवहार किया और हर जगह हमारा स्वागत किया।’’

प्रशासन ने पहलगाम और उसके आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया है, साथ ही कई स्थानों पर गहन जांच और कड़ी निगरानी रखी गई है ताकि शांतिपूर्ण तरीके से बरसी का आयोजन हो सके।

वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली गई हैं, जिसमें कई राजनीतिक नेताओं, नागरिक संस्थाओं के सदस्यों, मृतकों के परिजनों और स्थानीय प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।

भाषा सुभाष नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments