scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमदेशजलभराव को रोकने के लिए एमसीडी ने नालियों की गाद निकालना शुरू किया: दिल्ली महापौर

जलभराव को रोकने के लिए एमसीडी ने नालियों की गाद निकालना शुरू किया: दिल्ली महापौर

Text Size:

नयी दिल्ली, 28 फरवरी (भाषा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने दिल्ली भर में नालों की गाद निकालने का काम शुरू कर दिया है और मानसून के समय में जलभराव को रोकने के लिए इस काम को निर्धारित समय से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा है। महापौर राजा इकबाल सिंह ने शनिवार को यह जानकारी दी।

एमसीडी के अधिकार क्षेत्र में कुल 13,692 नालों की सफाई की जा रही है, जिनमें चार फीट से कम गहराई वाले 12,892 नाले शामिल हैं जिनकी कुल लंबाई 6,069.88 किमी है और चार फीट से अधिक गहरे 800 बड़े नाले शामिल हैं जो 530.82 किमी तक फैले हुए हैं।

महापौर ने बताया कि जनवरी से लेकर अब तक नगर निगम ने छोटी नालियों से 8,047 मीट्रिक टन और बड़े नालों से 16,966 मीट्रिक टन गाद हटाई है।

सिंह ने कहा, ‘नगर प्रशासन मानसून से पहले व्यापक तैयारियां कर रहा है ताकि बरसात के मौसम में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।’

उन्होंने कहा कि नालियों की नियमित रूप से सफाई की जाती है और नगर निगम द्वारा लगातार गाद निकालने का काम किया जा रहा है, जिसमें बारिश के पानी के सुचारू प्रवाह को सुनिश्चित करने के लिए बड़े नालों को प्राथमिकता के आधार पर साफ किया जा रहा है।

महापौर ने कहा कि एमसीडी ने प्रमुख नालों की व्यापक सफाई के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम में तेजी लाई जाएगी।

भाषा तान्या प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments