scorecardresearch
Tuesday, 22 September, 2026
होमदेशबिहार में नाबालिग से छेड़छाड़ के वीडियो में दिखा नकाबपोश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

बिहार में नाबालिग से छेड़छाड़ के वीडियो में दिखा नकाबपोश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

पैर में गोली लगने वाले आरोपियों में से एक की पहचान उस नकाबपोश व्यक्ति के रूप में हुई है, जो वायरल वीडियो में 15 साल की लड़की को गलत तरीके से छूते और उठाते हुए दिखा था.

Text Size:

नई दिल्ली: बिहार के जमुई में दो नाबालिगों से बदसलूकी के वायरल वीडियो में दिखे दो लोगों को मंगलवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया. मुंगेर रेंज के डीआईजी राकेश कुमार ने दिप्रिंट को यह जानकारी दी.

इनमें से एक, 25 साल का नंदन यादव, 15 साल की लड़की को गलत तरीके से छूते और उठाते हुए दिख रहा था. डीआईजी ने बताया कि नंदन और दूसरा आरोपी, 25 साल का हरे राम यादव, दोनों जमुई जिले के परतपुर गांव के रहने वाले हैं.

अधिकारियों ने बताया कि जमुई के पुलिस अधीक्षक (SP) विश्वजीत दयाल और डीआईजी राकेश कुमार की अगुवाई में पुलिस की एक टीम आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी. इसी दौरान पुलिस ने उन्हें एक नदी के किनारे खोज निकाला.

पुलिस के एक अधिकारी ने दिप्रिंट को बताया, “वे नदी के किनारे लंबी घास के पीछे छिपे हुए थे और उन्होंने पुलिस टीम पर गोली चला दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की, जिसमें नंदन के पैर में गोली लगी. उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी गिरफ्तारी की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं.”

उन्होंने आगे कहा, “अभी यह साफ नहीं है कि उसे फ्रैक्चर हुआ है या किसी और तरह की चोट लगी है. डॉक्टर चोट की सही स्थिति बताएंगे. फिलहाल वह ठीक से चल नहीं पा रहा है.”

पुलिस ने आरोपियों के पास से कथित तौर पर घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद किया है.

अधिकारियों ने बताया कि नंदन किराए पर ट्रैक्टर चलाने का छोटा-मोटा काम करता था और गांव के कम आय वाले परिवार से था.

शनिवार शाम हुई घटना के मामले में ये पहली गिरफ्तारियां हैं. उस समय 10वीं कक्षा के दो छात्रों का एक समूह ने पीछा किया, उनके साथ छेड़छाड़ की और मारपीट की.

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में यह समूह नाबालिगों का सामना करता और उनसे पूछता दिख रहा है कि क्या उनके परिवारों को पता था कि वे वहां आए थे. इसके बाद एक व्यक्ति ने लड़के को थप्पड़ मारा, जबकि एक नकाबपोश व्यक्ति लड़की को उसके निजी अंगों के पास हाथ लगाकर उठाते हुए दिखा. लड़का उसे वहां से हटाने की कोशिश कर रहा था.

जमुई पुलिस ने BNS सेक्शन 74 (महिला की शील भंग करने के इरादे से उस पर हमला या क्रिमिनल फोर्स का इस्तेमाल), 76 (महिला के कपड़े उतारने या उसे नंगा होने के लिए मजबूर करने के इरादे से उस पर हमला या क्रिमिनल फोर्स का इस्तेमाल) और 3(5) (कॉमन इंटेंशन) के साथ-साथ प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंस (POCSO) एक्ट के प्रोविजन्स के तहत एफआईआर दर्ज की. घटना में कथित तौर पर शामिल तीन नाबालिगों को सोमवार को पकड़ा गया.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास पार्क में पुलिसकर्मी बनकर 3 लोगों ने किशोरी से ‘गैंगरेप’ किया


 

share & View comments