नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पिछले साल मणिपुर में हुए कार बम विस्फोट के मुख्य षड्यंत्रकारी सहित मामले के दो आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। शनिवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
इस घटना में तीन लोग घायल हुए थे।
बयान के अनुसार, एजेंसी ने मणिपुर के बिष्णुपुर में विशेष एनआईए अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया।
विस्फोट के सिलसिले में मोहम्मद नूर हुसैन उर्फ तोम्बा और मुख्य षड्यंत्रकारी के रूप में पहचान किये गए सेमिनलुन गांगटे उर्फ मिनलुन को गिरफ्तार किया गया था।
बयान में कहा गया है कि एनआईए ने जून 2023 में, क्वातका इलाके में एक वाहन में रखी गई ‘आईईडी’ में हुए विस्फोट के मामले में मुख्य षड्यंत्रकारी सहित दो आरोपियों के खिलाफ शुक्रवार को आरोपपत्र दाखिल किया।
बयान के अनुसार, घटना में तीन लोग घायल हो गए थे और सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचा था तथा एक पुल क्षतिग्रस्त हो गया था।
गांगटे को दो नवंबर, 2023 को गिरफ्तार किया गया था। एनआईए के अनुसार, उसने अपने साथियों के साथ मिलकर आतंक फैलाने और सुरक्षा बलों, लोगों की आवाजाही और वस्तुओं की आपूर्ति को रोकने के इरादे से पुल को उड़ाने की साजिश रची थी।
भाषा सुभाष दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
