scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशमणिपुर के भाजपा विधायक वुंगजागिन वाल्टे का निधन, प्रधानमंत्री मोदी ने शोक व्यक्त किया

मणिपुर के भाजपा विधायक वुंगजागिन वाल्टे का निधन, प्रधानमंत्री मोदी ने शोक व्यक्त किया

Text Size:

इंफाल/नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) मणिपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक वुंगजागिन वाल्टे का शुक्रवार को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में 61 साल की उम्र में निधन हो गया। कांग्रेस विधायक दल के नेता केशम मेघचंद्र ने यह जानकारी दी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाल्टे के निधन पर शोक व्यक्ति किया। उन्होंने कहा कि वाल्टे को लोगों की सेवा करना पसंद था और उन्होंने अपना जीवन समाज की प्रगति एवं कल्याण के लिए समर्पित कर दिया था।

जोमी आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखने वाले वाल्टे फेरजावल जिले के रहने वाले थे। वह मणिपुर में मई 2023 में मेइती और कुकी समुदायों के बीच भड़की जातीय हिंसा के दौरान इंफाल के नागमापाल इलाके में भीड़ के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

इंफाल में लगभग दो साल इलाज कराने के बाद वाल्टे अपनी पत्नी के साथ पिछले साल अप्रैल में चूड़़ाचांदपुर आ गए थे। हालांकि, परिजनों के मुताबिक, सात फरवरी को उनकी हालत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अगले दिन हवाई मार्ग से दिल्ली ले जाया गया।

कांग्रेस नेता मेघचंद्र ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मैं थानलोन विधानसभा क्षेत्र के विधायक पु वुंगजागिन वाल्टे के असामयिक निधन से बेहद दुखी हूं। उनका निधन न केवल उनके परिवार और प्रियजनों के लिए, बल्कि थानलोन के लोगों और पूरे मणिपुर राज्य के लिए एक बड़ी क्षति है।”

वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने वाल्टे के निधन पर शोक जताते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, “पु वुंगजागिन वाल्टे को जनसेवा से बेहद लगाव था और उन्होंने अपना जीवन समाज की प्रगति एवं कल्याण के लिए समर्पित कर दिया था। एक सक्रिय विधायक के रूप में उन्होंने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उनका निधन बेहद दुखद है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और समर्थकों के साथ हैं।”

भाषा पारुल दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments