नयी दिल्ली, 19 सितंबर (भाषा) पश्चिम दिल्ली के तिलक नगर इलाके में शनिवार को आग की चपेट में आए एक मकान में 64-वर्षीय एक व्यक्ति मृत पाया गया। हालांकि, पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला बताया है।
पुलिस ने बताया कि मृतक ने मरने से पहले व्हाट्सऐप पर एक ‘सुसाइड नोट’ (आत्महत्या से पहले लिखा गया पत्र) साझा किया था।
उसके अनुसार, मृतक विजय ओल्ड शाहपुरा इलाके में करीब पांच साल से अकेले किरायेदार के रूप में रह रहा था।
शनिवार तड़के करीब 3:26 बजे आग लगने की सूचना मिली थी।
दमकल की चार गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने बताया कि जब आग पर काबू पा लिया गया, तो अंदर से एक पुरुष का बुरी तरह जला हुआ शव मिला।
पुलिस के मुताबिक, शव की पहचान सुभाष नगर निवासी प्रकाश चौहान ने की।
प्रारंभिक जांच के दौरान, पुलिस ने पाया कि विजय ने कथित तौर पर एक व्हाट्सऐप मैसेज साझा किया था, जिसे ‘सुसाइड नोट’ बताया गया है। उसने यूट्यूब पर एक वीडियो भी डाला था, जिसमें उसने संकेत दिया था कि यह उसका आखिरी वीडियो था।
वीडियो में व्यक्ति ने कहा कि वह अपना जीवन समाप्त कर रहे हैं और उसके इस फैसले के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए। उसने अपनी बेटी को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि वह उससे (बेटी से) बहुत प्यार करता है।
उसने कहा कि वह खुद को आग लगा रहा है, ताकि उसके परिवार को अंतिम संस्कार का तनाव न सहना पड़े। उसने इच्छा व्यक्त की कि उसकी अस्थियों को उसकी बेटी द्वारा यमुना में प्रवाहित किया जाए।
पुलिस ने कहा कि विजय तलाकशुदा था और व्लॉग बनाकर यूट्यूब पर अपलोड करता था।
इस बात की जांच की जा रही है कि किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में रखा गया है।
भाषा
सुमित सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.