नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने सोमवार को 25 वर्ष के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया, जिसे दिल्ली-लंदन उड़ान पर चालक दल के दो सदस्यों को बीच रास्ते में कथित रूप से शारीरिक रूप से नुकसान पहुंचाने के आरोप में एअर इंडिया द्वारा विमान से उतार दिया गया था। विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद वापस लौटा था। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
व्यक्ति की पहचान जसकीरत सिंह के तौर पर की गई है।
पुलिस उपायुक्त (हवाईअड्डा) देवेश कुमार महला ने कहा, ‘‘हमें इस संबंध में एक शिकायत मिली है और जसकीरत सिंह को हिरासत में लिया गया है, जो अपने माता-पिता के साथ लंदन जा रहा था। उससे पूछताछ की जा रही है और उसके अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’
उन्होंने बताया कि चालक दल के दो सदस्यों के साथ अमर्यादित व्यवहार करने के कारण उसे विमान से उतार दिया गया था। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरने वाला विमान ‘यात्री के अमर्यादित व्यवहार के कारण’ प्रस्थान के तुरंत बाद राष्ट्रीय राजधानी लौट आया। ‘पायलट इन कमांड’ ने दिल्ली हवाई अड्डे पर लौटने का फैसला किया।
एअर इंडिया के मुताबिक, उड़ान एआई 111 के दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरने के बाद यात्री को सुरक्षाकर्मियों के हवाले कर दिया गया।
एयरलाइन ने एक बयान में कहा, ‘‘मौखिक और लिखित चेतावनियों पर ध्यान न देते हुए यात्री अमर्यादित व्यवहार करता रहा, जिसमें चालक दल के दो सदस्यों को शारीरिक नुकसान पहुंचाना भी शामिल है।’’
हाल के दिनों में, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में यात्रियों द्वारा अमर्यादित व्यवहार करने की कई घटनाएं हुई हैं।
भाषा अमित माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
