scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशआईयूएमएल नेता के रिश्तेदार से 'जबरन वसूली' की कोशिश के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

आईयूएमएल नेता के रिश्तेदार से ‘जबरन वसूली’ की कोशिश के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

Text Size:

मलप्पुरम (केरल), 30 मार्च (भाषा) केरल के पेरिंथलमन्ना में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के प्रदेश अध्यक्ष सैयद सादिक अली शिहाब थंगल के एक रिश्तेदार से पैसे वसूलने की कोशिश के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी मोहम्मद रोशन ने नेता की अपमानजनक तस्वीरें ऑनलाइन प्रसारित करने की धमकी देकर वसूली करने का प्रयास किया। उसे अंगदिपुरम से रविवार रात हिरासत में लिया गया।

पुलिस के अनुसार, यह मामला 25 मार्च को आईयूएमएल नेता के रिश्तेदार मोइन अली शिहाब थंगल की शिकायत पर दर्ज किया गया था और तब से आरोपी फरार था।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि 31 जनवरी को पेरिंथलमन्ना के एक मॉल में रोशन ने उससे मुलाकात की और कथित तौर पर आईयूएमएल नेता की आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाई।

प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी ने 15 करोड़ रुपये की मांग की और पैसे न देने पर तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा करने और मामले की सूचना पुलिस को देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस ने बताया कि पिछले हफ्ते थंगल को बदनाम करने के इरादे से फेसबुक पर फर्जी तस्वीरें भी प्रसारित की गई थीं, जिसके संबंध में मलप्पुरम साइबर पुलिस ने अलग मामला दर्ज किया है।

अधिकारियों ने कहा कि रोशन से पूछताछ जारी है और उसका मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।

भाषा

प्रचेता जोहेब

जोहेब

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments