कोच्चि, 23 अक्टूबर (भाषा) केरलम में नशा विरोधी अभियान के दौरान शुक्रवार को दो पुलिसकर्मियों को कार से टक्कर मारने और भागने की कोशिश करने के आरोप में 39 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से 32 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान मूतकुन्नम के थुरुथिपुरम स्थित पुलिक्कल निवासी प्रीतिश पी. प्रकाश के रूप में हुई है और उसे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन तूफान’ के तहत जिला मादक पदार्थ-रोधी विशेष कार्रवाई बल (डैनसेफ) ने पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर डैनसेफ की टीम ने एर्णाकुलम जंक्शन रेलवे स्टेशन क्षेत्र से एक कार का पीछा किया।
जब कार एलमक्करा पुलिस थाना क्षेत्र में पहुंची, तो चालक ने कथित तौर पर वाहन रोकने से इनकार कर दिया, दो पुलिसकर्मियों को टक्कर मारी और भागने की कोशिश की।
पुलिस ने बताया कि घायल हुए दोनों पुलिसकर्मी कार का पीछा कर रही टीम का हिस्सा थे।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि कार में एमडीएमए रखा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने वाहन से 32 ग्राम एमडीएमए बरामद किया।
पुलिसकर्मियों को कार से टक्कर मारकर उनकी हत्या की कोशिश करने के आरोप में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की हिरासत के लिए उसे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।
भाषा राखी रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.