scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमदेशमोदी की सुरक्षा से समझौता करने के बदले विदेशी एजेंसी से पैसे मांगने वाला व्यक्ति गिरफ्तार: पुलिस

मोदी की सुरक्षा से समझौता करने के बदले विदेशी एजेंसी से पैसे मांगने वाला व्यक्ति गिरफ्तार: पुलिस

Text Size:

बक्सर, दस अप्रैल (भाषा) बिहार के बक्सर जिले में एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है जिसने कथित रूप से एक विदेशी खुफिया एजेंसी की वेबसाइट को संदेश भेजा और दावा किया कि वह पैसे के बदले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकता है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सिमरी इलाके के अमल कुमार तिवारी के रूप में हुई है और उसे बृहस्पतिवार रात गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने उसके ठिकाने से एक लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं।

बक्सर पुलिस ने एक बयान में कहा, “पुलिस को सूचना मिली कि तिवारी ने अमेरिका स्थित एक खुफिया एजेंसी की वेबसाइट पर संदेश पोस्ट किया था। उसने भारतीय प्रधानमंत्री की सुरक्षा से समझौता कराने के बदले पैसे की मांग की थी।”

जांच में पाया गया कि जब्त किए गए उसके मोबाइल फोन में कई वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) और कुछ ऐप इंस्टॉल थे, जिनका इस्तेमाल डार्क वेब तक पहुंचने के लिए किया जाता था।

उल्लेखनीय है कि वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) एक ऐसा माध्यम है, जो सार्वजनिक नेटवर्क पर इंटरनेट ट्रैफिक के लिए एन्क्रिप्टेड और निजी टनल बनाता है, जिससे गोपनीयता बढ़ती है। वहीं डार्क वेब इंटरनेट का वह हिस्सा है, जिसे सर्च इंजन इंडेक्स नहीं करते और वहां पहुंचने के लिए विशेष सॉफ्टवेयर की जरूरत होती है।

पुलिस के बयान में कहा गया कि उसके ठिकाने से फर्जी पहचान दस्तावेज भी बरामद किए गए, जिनका इस्तेमाल साइबर अपराध से जुड़ी गतिविधियों में किया जा रहा था।

बयान में कहा गया है, “पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। यह भी सामने आया कि इससे पहले वह कोलकाता एयरपोर्ट की वेबसाइट हैक करने की धमकी देने के एक मामले में भी शामिल रहा है।”

पुलिस एवं केंद्रीय एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।

भाषा कैलाश

राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments