scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशमालेगांव विस्फोट: भाजपा ने चार आरोपियों को बरी किये जाने पर कांग्रेस नेताओं से माफी की मांग की

मालेगांव विस्फोट: भाजपा ने चार आरोपियों को बरी किये जाने पर कांग्रेस नेताओं से माफी की मांग की

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कहा कि 2006 के मालेगांव सिलसिलेवार बम विस्फोटों के आरोपियों को बरी करना कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के मुंह पर एक ‘‘करारा तमाचा’’ है तथा सत्तारूढ़ दल ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी से हिंदू धर्म को बदनाम करने की साजिश रचने के लिए माफी की मांग की।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि ‘‘भगवा आतंकवाद’’ शब्द को सोनिया गांधी के इशारे पर कांग्रेस कार्यालय में हिंदुओं और हिंदू धर्म को बदनाम करने के लिए ‘‘गढ़ा’’ गया था।

भाजपा का यह बयान, 2006 के मालेगांव सिलसिलेवार बम विस्फोटों के चार आरोपियों को मुंबई उच्च न्यायालय द्वारा बरी किये जाने के बाद आया है जिसमें उनके खिलाफ आतंकवाद सहित सभी आरोप खारिज कर दिए गए।

इन विस्फोटों में 31 लोगों की जान चली गई थी।

अदालत के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाटिया ने कहा, ‘‘यह कांग्रेस पार्टी के उन नेताओं के मुंह पर करारा तमाचा है, जो सहिष्णु हिंदुओं और हिंदू धर्म को बदनाम करने के लिए तुष्टीकरण और घटिया राजनीति में लिप्त रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि मालेगांव विस्फोट कांग्रेस नीत संप्रग सरकार के शासनकाल में हुआ था।

भाटिया ने कहा, ‘‘हालांकि, कांग्रेस ने सोनिया गांधी के निर्देश पर अपने मुख्यालय में भगवा आतंकवाद शब्द गढ़ा, ताकि वह अपनी विफलता को छुपा सके, तुष्टीकरण की राजनीति को आगे बढ़ा सके और राहुल गांधी को खुश किया जा सके।’’

भाजपा नेता ने कहा कि अदालत द्वारा मामले में चार आरोपियों को बरी किये जाने के बाद आज कांग्रेस बेनकाब हो गई। उन्होंने मांग की कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी को हिंदुओं को बदनाम करने के लिए इस तरह की ‘‘घिनौनी साजिश’’ रचने को लेकर देश, विशेषकर हिंदू समाज से माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा नेता ने मांग की कि पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल और पी चिदंबरम को भी माफी मांगनी चाहिए।

भाषा सुभाष माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments