scorecardresearch
Monday, 10 August, 2026
होमदेशमहाराष्ट्र : गढ़चिरौली में स्कूल में सांप ने छह आदिवासी लड़कियों को डसा; तीन की मौत, जांच के आदेश

महाराष्ट्र : गढ़चिरौली में स्कूल में सांप ने छह आदिवासी लड़कियों को डसा; तीन की मौत, जांच के आदेश

Text Size:

गढ़चिरौली, 10 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में एक आवासीय स्कूल में जहरीले सांप के डसने से तीन आदिवासी छात्राओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य का इलाज जारी है। घटना के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार आधी रात के करीब धनौरा तहसील मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर जापतलाई गांव स्थित सहायता प्राप्त आदिवासी आवासीय स्कूल के छात्रावास में हुई।

उन्होंने बताया कि स्कूल के छात्रावास में फर्श पर सो रही नाबालिग छात्राओं को जहरीले सांप ने डस लिया। इनमें से आठ, 12 और 14 साल की तीन छात्राओं की मौत हो गई। वहीं, 11 से 14 साल की तीन अन्य छात्राओं का सांप के डसने के बाद इलाज चल रहा है।

जिलाधिकारी अविष्यंत पांडा ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसा किस तरह हुआ, क्या छात्राओं के रहने की जगह पर पर्याप्त सुरक्षा उपाय किए गए थे और क्या स्कूल प्रबंधन ने जरूरी सुरक्षा नियमों एवं सावधानियों का पालन किया था।

उन्होंने एक बयान में घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था की गहन जांच की जाएगी।

उन्होंने कहा कि तीन छात्राओं का इलाज चल रहा है। उन्हें तुरंत सांप के जहर से बचाव वाली दवाएं दी गईं और चिकित्सा दल उनकी स्थिति पर करीबी नजर रख रहे हैं।

जिलाधिकारी ने जिला सर्जन को निर्देश दिया कि इलाज में किसी भी तरह की कमी न रहे और छात्राओं को विशेष देखभाल उपलब्ध कराई जाए।

भाषा तान्या रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments