scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेश2024 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव भाजपा बनाम एमवीए होगा, शिंदे गुट के अस्तित्व पर संदेह: राकांपा

2024 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव भाजपा बनाम एमवीए होगा, शिंदे गुट के अस्तित्व पर संदेह: राकांपा

Text Size:

मुंबई, 18 मार्च (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष जयंत पाटिल ने शनिवार को कहा कि राज्य में 2024 में विधानसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बनाम महा विकास आघाड़ी (एमवीए) होगा तथा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना के अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न होगा।

पाटिल ने यहां संवाददाताओं से कहा कि वह महसूस करते हैं कि भाजपा अपने चुनाव निशान पर विधानसभा की सभी 288 सीटों पर चुनाव लड़ेगी । उन्होंने विश्वास प्रकट किया कि शिंदे गुट का अस्तित्व ‘खत्म’ हो जाएगा।

राकांपा नेता ने कहा, ‘‘ मुझे नहीं लगता कि जब मुकाबला भाजपा एवं एमवीए के बीच होगा तो शिंदे गुट बरकरार रहेगा।’’

उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाले शिवसेना धड़े, राकांपा और कांग्रेस की एमवीए सरकार पिछले साल शिंदे के अविभाजित शिवसेना से अलग हो जाने के बाद गिर गयी थी। उसके बाद शिंदे ने मुख्यमंत्री बनने के लिए भाजपा से हाथ मिला लिया था। हाल में चुनाव आयोग ने उनके गुट को असली ‘शिवसेना’ की मान्यता दी और उसे चुनाव निशान ‘तीर-धनुष’ आवंटित किया।

पाटिल ने आरोप लगाया कि भाजपा स्थानीय राजनीतिक संगठनों का अस्तित्व नहीं चाहती है और वह उनके विकास के विरूद्ध है।

राकांपा नेता ने कहा, ‘‘ भाजपा ने छोटे दलों– सहयोगियों या प्रतिद्वंद्वियों को नष्ट करने के लिए काम किया है। भाजपा का एकमात्र एजेंडा छोटे दलों को अस्थिर करना है ताकि वह उनकी वोट हिस्सेदारी को हथिया सके।’’

उन्होंने कहा कि यदि शिंदे गुट तबतक बना रहता है तो भाजपा आखिर में उसे 48 सीट पर लड़ने दे सकती है और उससे कह सकती है तो आपके पांच या छह प्रत्याशी ही जीत सकते हैं।

भाषा

राजकुमार माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments