मुंबई, 24 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे से जान का खतरा होने के दावे पर शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत के खिलाफ राज्य के बीड जिले में मानहानि का मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि शिवसेना की बीड जिला इकाई के प्रमुख द्वारा बृहस्पतिवार को दर्ज कराई गई एक शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि राउत के खिलाफ उनके आरोप के संबंध में दर्ज की गई यह दूसरी प्राथमिकी है। बुधवार रात ठाणे शहर के कपूरबावड़ी थाने में उनके (राउत) खिलाफ ऐसा ही एक मामला दर्ज किया गया था।
अधिकारी ने बताया कि बीड शहर पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के आधार पर राज्यसभा सदस्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।
राउत ने कल्याण से सांसद श्रीकांत शिंदे से “जान को खतरा” होने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को पुलिस को पत्र लिखा था।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
