इंदौर (मध्यप्रदेश), 16 जून (भाषा) इंदौर में मंगलवार को एक मंदिर के चौकीदार ने कथित तौर पर शराब पीने पर टोके जाने से नाराज होकर डंडे से 30 से अधिक वार करके मंदिर के 70 वर्षीय ट्रस्टी की हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना के वीडियो में नजर आ रहा है कि आरोपी ने बुजुर्ग व्यक्ति पर डंडे से करीब 35 बार लगातार प्रहार किया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) अमरेंद्र सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में एक मंदिर में चौकीदार के रूप में काम करने वाला मुकेश शर्मा कथित तौर पर नशे की हालत में था।
सिंह के मुताबिक मंदिर के ट्रस्टी कैलाश मोदी (70) जब मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने शर्मा को समझाने का प्रयास किया और उसकी स्थिति पर आपत्ति जताई।
उन्होंने कहा, ‘इस बात से नाराज शर्मा ने डंडे से मोदी पर हमला कर दिया। हमले में मंदिर के ट्रस्टी की मौत हो गई।’
एडीसीपी ने कहा कि हत्या के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
सिंह ने बताया कि शर्मा लंबे समय से मंदिर में कार्यरत है और मंदिर प्रबंधन को उसके खिलाफ शराब पीकर काम करने की शिकायतें पहले भी मिलती रही हैं।
भाषा हर्ष जोहेब
जोहेब
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.