scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशभगवान परशुराम ज्ञान और पराक्रम का प्रतीक : राज्यपाल बागडे

भगवान परशुराम ज्ञान और पराक्रम का प्रतीक : राज्यपाल बागडे

Text Size:

जयपुर, 19 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने रविवार को अक्षय तृतीया और परशुराम जयंती के अवसर पर बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित राज्यस्तरीय पूजा और आरती में भाग लिया।

राज्यपाल ने भगवान परशुराम को पुष्पांजलि अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

बागडे ने भगवान परशुराम के जीवन और शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए उन्हें ज्ञान और पराक्रम का प्रतीक बताया, जिन्होंने अन्याय तथा अधर्म के विरुद्ध संघर्ष किया।

बागडे ने कहा कि अक्षय तृतीया का पर्व बौद्धिक विकास से भी जुड़ा हुआ है और ऐसी मान्यता है कि इस दिन महर्षि वेदव्यास ने महाभारत की रचना प्रारंभ की थी।

उन्होंने कहा कि परशुराम ज्ञान और शक्ति का संगम हैं और उनका जीवन त्याग, साहस तथा धर्मनिष्ठा जैसे मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है।

राज्यपाल ने कहा कि भगवान परशुराम ने अधर्म के नाश और धर्म की स्थापना के लिए अवतार लिया था तथा उनके हाथ में ‘परशु’ धर्म की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि परशुराम ने भीष्म, द्रोणाचार्य और कर्ण जैसे महापुरुषों को युद्धकला का ज्ञान प्रदान किया।

कार्यक्रम से पूर्व राज्यपाल ने भगवान परशुराम पर आधारित एक फिल्म भी देखी और वैदिक संस्कृति के मूल्यों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

भाषा

बाकोलिया रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments