scorecardresearch
Thursday, 19 November, 2026
होमदेशलोकमंथन हमारी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का मंच : मुख्यमंत्री शर्मा

लोकमंथन हमारी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का मंच : मुख्यमंत्री शर्मा

Text Size:

जयपुर, 19 नवंबर (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को कहा कि ‘लोकमंथन’ भारतीय सांस्कृतिक चेतना और लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन का राष्ट्रीय मंच है।

उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में अपनी सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।

शर्मा ने बृहस्पतिवार को जवाहर कला केंद्र में लोकमंथन-2026 की स्वागत समिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश को गुलामी की मानसिकता से मुक्त करने और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लोकमंथन का मूल भाव राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं और ज्ञान विरासत को आगे बढ़ाना है। इस आयोजन में देशभर के विचारकों, विद्वानों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को विचार-विमर्श का साझा मंच मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में परंपरा और अनुशासन का विशेष महत्व है, लेकिन समय के साथ अनेक लोक परंपराएं और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां विस्मृत होती जा रही हैं। ऐसे में इन्हें समझने, संजोने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र के अनुरूप राज्य सरकार शेखावाटी की 660 से अधिक ऐतिहासिक हवेलियों के संरक्षण की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए प्रवासी राजस्थानियों का सहयोग लिया जाएगा। आगामी प्रवासी दिवस के अवसर पर आठ दिसंबर को शेखावाटी में हेरिटेज मीट आयोजित की जाएगी।

शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने राजस्थान दिवस को 30 मार्च के बजाय चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को मनाने की शुरुआत की है।

उन्होंने कहा कि माउंट आबू का नाम बदलकर आबूराज किया गया है। इसके अलावा वेद विद्यालयों के अध्यापकों का मानदेय बढ़ाने और गौ संरक्षण के लिए गौशालाओं को करीब 4,000 करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान की मांड गायकी, घूमर,कालबेलिया नृत्य, कठपुतली कला, फड़ चित्रकला और स्थापत्य परंपरा की देश-दुनिया में विशिष्ट पहचान है।

जयपुर में लोकमंथन का आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई प्रतिष्ठा देगा।

मुख्यमंत्री ने स्वागत समिति के सदस्यों से ‘हम भारत के लोग’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

स्वागत समिति के महासचिव एवं प्रज्ञा प्रवाह के अखिल भारतीय संयोजक जे. नंदकुमार ने कहा कि लोकमंथन लोकजीवन और भारतीय ज्ञान परंपरा पर विमर्श का राष्ट्रीय मंच है। आयोजन से पहले राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक यात्रा निकाली गई और ‘ग्राम दर्शन’ सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

उन्होंने बताया कि आयोजन के लिए बड़ी संख्या में युवाओं ने पंजीकरण कराया है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने जवाहर कला केंद्र में आयोजन स्थल पर भूमि पूजन किया और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन में पूर्णाहुति अर्पित की।

‘हम भारत के लोग’ थीम पर आधारित लोकमंथन-2026 का आयोजन चार से छह दिसंबर तक जयपुर के जवाहर कला केंद्र में होगा।

बैठक में उपमुख्यमंत्री एवं आयोजन समिति की अध्यक्ष दिया कुमारी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघचालक डॉ. रमेश अग्रवाल, विज्ञान भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. शिवकुमार सहित संत-महंत और विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

भाषा बाकोलिया संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments