scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशदिल्ली में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश

दिल्ली में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश

Text Size:

नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में बुधवार को सुबह हल्की बारिश हुई और यह स्थिति अगले दो दिन रहने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने यह जानकारी दी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सुबह शहर के कुछ इलाकों में मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की चेतावनी देते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया।

सफदरजंग वेधशाला में बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 2.1 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमन के 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।

राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में सोमवार और मंगलवार को भी बारिश हुई थी, जिससे तापमान में तो गिरावट आई, लेकिन उमस भी बढ़ गई।

‘स्काईमेट वेदर’ में मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन प्रभाग के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि उच्च आर्द्रता तथा उच्च तापमान के कारण अलग-अलग जगहों पर संवहनी बादल बनते हैं, जिससे थोड़ी-थोड़ी बारिश होती है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश के आसपास के हिस्सों में पिछले दो दिन से ऐसा ही हो रहा है।

पलावत ने कहा कि उत्तरी भारत में 18 जुलाई से बारिश के जोर पकड़ने की संभावना है।

सफदरजंग वेधाशाला में एक जून से मानसून के मौसम की शुरुआत के बाद से 148.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि में औसतन 149.7 मिमी बारिश होती है।

भाषा निहारिका मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments