नागपुर, 23 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच शिक्षक और स्नातक सीटों के लिए शुक्रवार सुबह मतदान शुरू होने के बाद नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता गडकरी ने अपनी पत्नी कंचन गडकरी, बेटे और बहू के साथ शहर के महल इलाके में स्थित न्यू इंग्लिश स्कूल में मतदान केंद्र पर वोट डाला।
भाजपा ने नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व विधायक सुधाकर कोहले को उम्मीदवार बनाया है। गडकरी खुद भी इस निर्वाचन क्षेत्र से कई बार विधान परिषद के सदस्य रह चुके हैं।
कांग्रेस ने इस सीट से मौजूदा सदस्य अभिजीत वंजारी को उम्मीदवार बनाया है।
नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अलावा पुणे संभाग स्नातक, छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) स्नातक, पुणे शिक्षक और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में भी विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव हो रहे हैं।
भाजपा, एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के गठबंधन महायुति तथा कांग्रेस, शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शरदचंद्र पवार) और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) सभी पांच सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी, जबकि चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।
भाषा शोभना वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.