नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने शुक्रवार को यहां कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक की 29वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें एक ‘निडर’ एवं ‘दूरदर्शी राजनेता’ के रूप में याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने उनके असाधारण व्यक्तित्व और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद किया।
उन्होंने कहा, ‘‘उनका नेतृत्व और लोकप्रियता असाधारण थी।’’
सिंह ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा अतीत में की गई टिप्पणियों की आलोचना करते हुए कहा कि ऐसी टिप्पणियां लोगों को आहत करती हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘जब उन्हें सीआईए एजेंट कहा गया, तो बहुत दुख हुआ; ऐसे शब्द उनके कद के नेता के लिए उचित नहीं हैं।’’
सिंह ने कहा, “इसीलिए मैं बीजू जनता दल के अपने साथियों से बार-बार कहता हूं कि केंद्र की सत्ताधारी पार्टी ने अब ओडिशा में भी सत्ता हासिल कर ली है। यह देश के लिए अच्छा नहीं है।”
आप सांसद ने कहा, ‘‘ओडिशा एक शांतिप्रिय राज्य है, जो विकास के पथ पर अग्रसर है, और वहां विभाजनकारी शक्तियों का प्रवेश उचित नहीं है।”
राष्ट्रीय जनता दल के राज्यसभा सदस्य मनोज कुमार झा ने कहा कि पटनायक जैसे नेताओं को याद करने के साथ-साथ वर्तमान समय में उनके मूल्यों पर विचार करना भी जरूरी है।
झा ने कहा, “जब कोई शासन या नेता यह मानने लगता है कि वह राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करता है और उसका हित ही राष्ट्रहित है, तो बीजू बाबू इसका कड़ा विरोध करते।”
समकालीन राजनीति से तुलना करते हुए उन्होंने कहा, “वह किसी दबाव में नहीं आए। दुनिया में कहीं भी उपनिवेशवाद के खिलाफ संघर्षों का समर्थन करने के लिए एक विशेष प्रकार के नेतृत्व की आवश्यकता होती है।”
झा ने कहा, ‘‘अगर बीजू बाबू आज जीवित होते, तो वह किसी भी वैश्विक शक्ति से आंख बंद करके सहमत नहीं होते।’’
इससे पहले, बीजद नेताओं ने उपस्थित लोगों का स्वागत किया और पटनायक की विरासत पर प्रकाश डालते हुए उन्हें ‘‘धरती का सच्चा सपूत’’ बताया, जिनका योगदान पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
भाषा राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.